वाराणसी। आईआईटी बीएचयू के महत्वपूर्ण व्याख्यानों की एक सीरीज तैयार कर इसके वीडियो यू-ट्यूब पर अपलोड किए जा रहे हैं। इन व्याख्यानों को यू-ट्यूब पर अपलोड इसलिए किया जा रहा है, ताकि दूसरे छात्र और शैक्षणिक संस्थान इसका लाभ उठा सकें। संस्थान की वेबसाइट पर इसके लिए खास नॉलेज पेज भी बनाया गया है, यहां भी इन व्याख्यानों के वीडियो अपलोड किए जा रहे हैं।
इंजीनियरिंग के पाठ्यक्रम से इतर रिसर्च और इनोवेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस नॉलेज पेज को तैयार किया गया है। नॉलेज पेज पर अब तक संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव संगल के दो वीडियो लेक्चर अपलोड किए गए हैं। पहला व्याख्यान ‘हाऊ टू बिकम एन आईआईटी ट्रूली’ और दूसरा व्याख्यान ‘वीविंग रिसर्च इनोवेशन विद एकेडमिक्स’ पर है।
फिलहाल, दोनों ही लेक्चर संस्थान के शिक्षकों के लिए हैं। इनके यू-ट्यूब वीडियो लिंक के साथ ही प्रेजेंटेशन स्लाइड भी पेज पर अपलोड की गई है। आने वाले समय में अन्य विशेषज्ञों के व्याख्यान को भी यहां अपलोड किया जाएगा। जो अध्यापक व छात्र इनके व्याख्यान में हिस्सा नहीं ले पाएंगे, वे इस पेज पर जाकर इसे देख सकेंगे।