वाराणसी। बीएचयू के सर सुंदर लाल अस्पताल में छह, सात जून को मरीजों की मौत के बाद विरोध करने वालों के खिलाफ अब बीएचयू के छात्रों ने आंदोलन करने का ऐलान किया है। बुधवार को महामना छात्र युवा संघर्ष मोर्चा की विश्वनाथ मंदिर परिसर में हुई बैठक में मरीजों की मौत के विरोध में चल रहे आंदोलन को फर्जी बताते हुए इसका पोल खोलने की बात छात्रों ने कही।
छात्रनेता सौरभ मौर्या की अध्यक्षता में हुई बैठक में छात्रों ने कहा कि अस्पताल के कुछ चिकित्सकों और दलालों के सह पर आंदोलन चलाकर ऐसे लोग बीएचयू को बदनाम कर रहे हैं। ऐसे लोगों को करारा जवाब दिया जाएगा। उधर कुलपति कार्यालय को एक पत्र देकर छात्रों ने बीएचयू के नाम पर चल रहे एक मेडिकल स्टोर को सीज करने की मांग बीएचयू प्रशासन से की गई। सौरभ ने बताया कि गुरुवार को दोपहर 12 बजे इसी मुद्दे पर कुलपति और जिला प्रशासन से मिलकर कार्रवाई की मांग की जाएगी। बैठक में छात्रों ने मौत के विरोध में चल रहे आंदोलन को फर्जी बताते हुए सड़क पर उतरकर इसका मुहतोड़ जबाब दिया जाएगा। बैठक में अस्पताल में आक्सीजन आपूर्ति वाली कंपनी से चिकित्सा अधीक्षक के सांठगांठ के आरोपों को बेबुनियाद बताया गया।बैठक में अभिषेक राय, सिद्धार्थ केशरी, अनिल कन्नौजिया, मंगल मौर्या, विशाल यादव, अनीश यादव, सौरभ राय सहित कई लोग मौजूद रहे।