वाराणसी। डीजल रेल इंजन कारखाना सांस्कृतिक संस्था तथा राजभाषा विभाग के संयुक्त संयोजन में चल रहा तीन दिवसीय अखिल रेल हिंदी नाट्योत्सव-2017 गुरुवार को संपन्न हो गया। स्थानीय प्रेक्षागृह (सिनेमा हॉल) में समापन तथा पुरस्कार वितरण समारोह में विविध रंगारंग सांस्कृतिक आयोजनों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर डीरेका प्रस्तुत ‘सारथी’ को सर्वश्रेष्ठ नाटक घोषित किया गया। समारोह के दौरान परंपरानुसार सर्वश्रेष्ठ नाटक का पुन: मंचन किया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि डीरेका महाप्रबंधक विजय प्रकाश पाठक तथा विशिष्ट अतिथि डीरेका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष रेखा पाठक ने विजई टीमों तथा व्यक्तिगत प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इसमें मेजबान डीरेका ‘सारथी’ को प्रथम, पूर्व रेलवे कोलकाता ‘चंद्रा की सजा’ को द्वितीय तथा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर की प्रस्तुति ‘अश्वत्थामा’ को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त मध्य रेलवे मुंबई ‘राजभाषा हाजिर हो...’ डीजल रेल इंजन आधुनिकीकरण कारखाना पटियाला ‘संध्या छाया’ पूर्व तट रेलवे भुवनेश्वर ‘इंकलाब’ उत्तर पश्चिम रेलवे जयपुर ‘महंगे जूते सस्ते सर’ तथा दक्षिण रेलवे चेन्नई ‘रीढ़ की हड्डी’ को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त व्यक्तिगत पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार डीरेका के नीरज उपाध्याय (सारथी के लिए) प्रदान किया गया। सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पूर्व रेलवे कोलकाता की तनुश्री विश्वास चुनी गईं। सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेता सोमनाथ चट्टोपाध्याय, सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेत्री मीरा सिकदर को चुना गया। इसी क्रम में सर्वश्रेष्ठ संगीत के लिए राजकुमार गुप्ता, सर्वश्रेष्ठ ध्वनि प्रभाव के लिए सोनिया पटवा, सर्वश्रेष्ठ मंच सज्जा मध्य रेलवे, सर्वश्रेष्ठ प्रकाश परिकल्पना के लिए ‘राजभाषा हाजीर हो’ को दिया गया। सर्वश्रेष्ठ रूप सज्जा रेल डिब्बा कारखाना कपूरथला मिला।। इसी प्रकार सर्वश्रेष्ठ उच्चारण के लिए श्याम कुमार, सर्वश्रेष्ठ स्क्रिप्ट लेखन के लिए उमेश त्रिपाठी, सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार प्रेयसी सनमत, सर्वश्रेष्ठ विशिष्ट अभिनय के लिए नवीन भट्ट को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर एसपी माही, डॉ, राजेंद्र उपाध्याय, नरेंद्र आचार्य तथा डॉ. अनुपम आनंद को भी स्मृति चिह्न प्रदान कर अभिनंदन किया गया। अतिथियों का स्वागत निदेशक राजभाषा रेलवे बोर्ड केपी सत्यानंदन तथा धन्यवाद ज्ञापन उप निदेशक राजभाषा रेलवे बोर्ड रिसाल सिंह ने किया । कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी मुख्यालय आरके चौधरी तथा श्रावणी चक्र वर्ती ने किया।