वाराणसी। काशी विद्यापीठ में बीए में दाखिले के लिए सीट से करीब दो गुना से अधिक अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग हुई। रेगुलर और पेड की 938 सीटों के लिए गुरुवार और शुक्रवार को हुई काउंसलिंग में 2306 अभ्यर्थी शामिल हुए। शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में अलग अलग केंद्रों पर हुई काउंसलिंग में 1268 अभ्यर्थियों ने टोकन लिया जबकि 1232 ने अपने प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराया। वहीं गुरुवार को 1074 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग हुई थी।
उधर शनिवार को काउंसलिंग का अंतिम दिन है। शनिवार को बीएससी गणित, बीएससी बायो, बीकॉम, बीम्यूज, बीए मासकॉम, बीएफए और बीलिब की काउंसलिंग होनी है। मानविकी संकाय, शिक्षा संकाय, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय समेत सात केंद्रों पर छात्र-छात्राओं को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है। शनिवार को काउंसलिंग समाप्त होने के बाद ही मेरिट से होने वाले पाठ्यक्रमों में दाखिले होंगे।
चार पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए करना होगा इंतजार
काशी विद्यापीठ में संचालित एलएलबी, एमएड, एमए मास कॉम और पीजी डिप्लोमा इन नैचुरोपैथी एंड योगा में दाखिले के लिए अभी अभ्यर्थियों को और इंतजार करना होगा। इन चार पाठ्यक्रमों में दाखिले पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से रोक लगाई गई है। इनकी प्रवेश परीक्षा में नकल का आरोप है, जिसकी जांच के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने कमेटी गठित की है। समिति को सप्ताह भर के अंदर जांच रिपोर्ट सौंपनी थी। सप्ताह भर पूरे होने के बाद गुरुवार को समिति की बैठक कुलसचिव की मौजूदगी में हुई। इसमें इस मामले में परीक्षक, अभिभावक, छात्र संगठन व जनसंगठन को जांच समिति के समक्ष अपना पक्ष रखने को कहा गया है। उन्हें सप्ताह भर में जांच समिति के सचिव व उप कुलसचिव व्यास नारायण सिंह के कार्यालय में अपना पक्ष उपलब्ध कराने को कहा गया है।