वाराणसी। कई दिनों तक लगातार बारिश के बाद पूर्वांचल में मानसून एक बार फिर कमजोर पड़ गया है। मानसून दक्षिण की तरफ बढ़ गया है। इस समय मध्य प्रदेश, पश्चिम राजस्थान, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा की ओर जाने से इधर बारिश दो दिन तक नहीं होगी। सोमवार को फिर से मानसून के सक्रिय होने की संभावना है।
बारिश न होने और तेज धूप खिलने से शनिवार को काफी उमस तथा गर्मी रही। इससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। इसी में बिजली कटौती से लोगाें का जीना दुश्वार था। बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो एसएन पांडेय ने बताया कि आसमान में बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश नहीं होगी। कही-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस समय मानसून दक्षिण की ओर बढ़ गया है। इससे नागपुर, विदर्भ में भारी बारिश हो रही है। उन्हाेंने बताया कि सोमवार को हल्की से भारी बारिश की संभावना है।