प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र के जिले में शनिवार को बड़े पैमाने पर लोगों ने धर्मांतरण किया। हरहुआ ब्लॉक के चार गांवों के 38 परिवार के 315 लोग ईसाई धर्म से हिंदू धर्म में शामिल हुए। औसानपुर में ग्राम देवता पूजन समिति (डीह बाबा) के संयोजक चंद्रमा बिंद के नेतृत्व में घर वापसी का कार्यक्रम हुआ। ग्राम पुरोहित धीरज चौबे और नागेश चौबे ने हवन-पूजन कराकर अपने पूर्वजों, धर्म एवं परंपरा से जोड़कर उनका पवित्रीकरण किया। संयोजक चंद्रमा बिंद के अनुसार सनातन धर्म से विमुख लोगों की उनकी सहमति से घर वापसी कराई गई है।
ईसाई धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपनाने वाले लोगों को यज्ञ के उपरांत दुर्गा पूजा समिति के प्रभुनाथ यादव के नेतृत्व में रक्षा सूत्र बांधा गया। मधुवन यादव ने विदेशी धर्म पुस्तक वापस लेकर गीता, हनुमान चालीसा एवं हमारा वंश प्रमाण परिचय स्वामी अड़गड़ानंद की पुस्तक का वितरण किया। घर वापसी कार्यक्रम में औसानपुर, करोमा, रामेश्वर, गोकुलपुर, गहरवारपुर के 500 से अधिक लोग हवन-पूजन में शामिल हुए और सनातन धर्म की रक्षा का संकल्प लिया। संत रविदास धर्म रक्षा समिति के शमशेर सिंह व नीरज गिरी भी उपस्थित थे। सनातन धर्म से जुड़ने वाले 38 परिवार के शिवचरण, राजकुमारी, शकुंतला, कुसुम, मंजू देवी, कुमारी निर्मला, मधु, महेंद्र, राजा, शीला, लालमणि, भगमनी आदि थे। इस दौरान ग्राम प्रधान औसानपुर बांकेलाल कन्नौजिया भी मौजूद रहे।