वाराणसी। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने गोरखपुर के कंपियरगंज रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक जीप से 53 किलो चरस और 24 किलो अफीम बरामद की है। इसकी कीमत 77 लाख रुपये बताई गई है। चरस और अफीम के साथ गिरफ्त में आए तस्करों की शिनाख्त अंबेडकरनगर निवासी रामउजागिर यादव व राजेश पांडेय और शिमला के चंदेर कुमार के तौर पर हुई है। तीनों को शनिवार को गोरखपुर जिला जेल में दाखिल कर दिया गया।
डीआरआई के सीनियर इंटेलिजेंस आफीसर और वाराणसी व गोरखपुर यूनिट के प्रभारी आनंद राय ने शनिवार को बताया कि सूचना मिली थी कि चरस और अफीम की खेप लेकर तस्कर जीप से नेपाल से सोनौली बॉर्डर होते हुए रामपुर ले जा रहे हैं। इस सूचना पर कंपियरगंज रेलवे क्रासिंग के समीप जीप नंबर यूपी 58-5340 को वाराणसी और गोरखपुर की डीआरआई की संयुक्त टीम ने रुकवाया। जीप की तलाशी ली गई तो पहली बार में कुछ नहीं मिला। जीप के अंदर सीट के नीचे की लोहे की बॉडी कुछ अलग लगी तो फिर से तलाशी ली गई। सीट के नीचे केबिन बनाया गया था और उसमें मादक पदार्थ प्लास्टिक के पैकेट में छिपाया गया था। मादक पदार्थों के साथ तस्करों को गिरफ्तार करने वाली टीम में इंटेलिजेंस आफीसर पंकज कुमार और हवलदार राघव मिश्रा आदि शामिल रहे।