वाराणसी जनपद और आसपास के जनपद की पुलिस के लिए परेशानी का सबब बन चुके झुन्ना पंडित गैंग के गुर्गों को गिरफ्तार करने में पुलिस को रविवार को बड़ी सफलता मिली। कैंट थाना क्षेत्र के लालपुर में दिव्यांग पान विक्रेता की हत्या में वांछित 25 हजार इनामी जयप्रकाश उर्फ मोनू को कैंट पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया।
कैंट तिराहे स्थित एक अस्पताल के पास से गिरफ्तार हाशिमपुर निवासी जयप्रकाश के कब्जे से एक बाइक बरामद हुई। पुलिस ने झुन्ना की मां व 20000 इनामी उषा देवी को भी गिरफ्तार किया। दिव्यांग हत्याकांड में वांछित अपराधियों को शह देने और गिरोह के जरिए अपराध को बढ़ावा देने के आरोप में मां उषा देवी को गिरफ्तार किया।
कैंट थाना के लालपुर पुलिस चौकी अंतर्गत मड़वा में 3 सितंबर को दिव्यांग पान विक्रेता दिलीप पटेल 35 वर्ष की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के दौरान दो बदमाशों का सीसीटीवी फुटेज भी जारी हुआ था। हत्याकांड में मुख्य अभियुक्त श्रीप्रकाश मिश्र उर्फ झुन्ना पंडित पर पुलिस ने एक लाख का इनाम रखा था। बीते माह पंजाब पुलिस ने रोपड़ में झुन्ना को गिरफ्तार किया था। इस समय झुन्ना रोपड़ जेल में बंद है।