बड़ागांव। बसनी में अवैध शराब फैक्ट्री संचालित करने और तस्करी के आरोपी शिवशंकर उर्फ बाबू सेठ को मंगलवार को बड़ागांव स्थित उसके गेस्ट हाउस के समीप से गिरफ्तार किया। बड़ागांव पुलिस ने बाबू को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।
20 फरवरी को क्राइम ब्रांच ने बसनी में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। छापेमारी के दौरान अन्य आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए थे, जबकि बाबू भाग निकला था। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इंस्पेक्टर बड़ागांव ने बताया कि बाबू के बड़ागांव स्थित गेस्ट हाउस के समीप मौजूद होने की सूचना मिली तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बाबू के खिलाफ गंभीर आपराधिक आरोपों में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे वाराणसी के अलावा पड़ोसी जिलों के थानों में दर्ज हैं। इससे पहले भी पुलिस ने बाबू को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।