वाराणसी। बीएचयू समाज विज्ञान संकाय में चल रहे छह दिवसीय युवा महोत्सव अभिकल्पन का बुधवार को रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ समापन हुआ। अंतिम दिन स्वतंत्रता भवन में प्रतिभागियों ने गायन, नृत्य के प्रदर्शन से जहां सभी का दिल जीत लिया वहीं स्पंदन के मंच पर प्रतिभाग करने की होड़ भी दिखी। मूक अभिनय में अपने भावों से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पर्यावरण संरक्षण आदि के लिए लोगों को जागरूक किया।
छह दिन से चल रहे महोत्सव में कला, साहित्य, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देखने को मिली। इसके माध्यम से प्रतिभागियों ने सामाजिक समस्याओं की तरफ ध्यान आकृष्ट किया तो कला संस्कृति के संरक्षण की भी अपील की। बुधवार को कार्यक्रम की शुरुआत रंगोली से हुई। इसमें प्रतिभागियों ने आकर्षक डिजाइन बनाकर दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा। मूक अभिनय में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, आतंकवाद, कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने का संदेश बांटा। अंतिम दिन के कार्यक्रम में एकल, समूह गायन और नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। अलग-अलग विधा में देश भक्ति गीतों से लेकर शास्त्रीय गीतों की प्रस्तुति कर मुख्य महोत्सव में जगह बनाने के लिए दावेदारी रखी। छात्र सलाहकार डॉ. अभिनव शर्मा, शाश्वत उपाध्याय, कौन्तेय राय, दिव्य कुमार जायसवाल, प्रखर प्रताप, सारंग, कौस्तुभ सिंह आदि मौजूद रहे।