वाराणसी। जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बुधवार को जिले के न्यायालय, न्यायिक अधिकारियों, वादकारियों की सुदृढ़ सुरक्षा के संबंध में बैठक की। उन्होंने बताया कि न्यायालय परिसर, कलेक्ट्रेट परिसर तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर सभी एक साथ ही स्थित हैं, इसलिए पूरे परिसर की सुरक्षा एक साथ सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक प्रवेश द्वार पर डीएफएमडी लगाकर प्रवेश दिया जाएगा। सुरक्षा की जांच को साउंड रिकार्डर और सीसीटीवी कैमरे की नजर में किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से कहा कि वे समस्त रजिस्टर्ड वकीलों को पहचान-पत्र जारी करें। जिसको दिखा कर परिसर में प्रवेश किया जाना सुनिश्चित हो सके। इसी प्रकार सरकारी कर्मचारियों भी उनके विभागीय पहचान पत्रों से परिसर में प्रवेश कर सकेंगे। इसके साथ ही बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों से इस व्यवस्था के लिए एडवाइजरी जारी करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही कुछ सुरक्षाकर्मियों को परिसर में सादी वर्दी में भी तैनात किया जाएगा। वादकारियों को भी अपने पहचान पत्र अपने साथ लेकर आना होगा। वाहनों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्था जल्द ही की जाएगी। उन्होंने अपर नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि परिसर की सफाई व्यवस्था कराने के साथ-साथ पर्याप्त डस्टबिन भी रखवायें। परिसर में सफाई रखने में वकीलों , वादकारियों सहित सभी से सहयोग की अपेक्षा की है। बैठक में एडीजे, एडीएम सिटी, एसपी सिटी, एडीएम प्रोटोकॉल, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी सहित अधिकारी उपस्थित रहे।