वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के स्थापना दिवस समारोह पर सांस्कृतिक आयोजनों के साथ ही प्रभातफेरी का आयोजन होगा। बसंत पंचमी पर निकलने वाली प्रभातफेरी में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की झांकी को भी शामिल किया जाएगा। यह निर्णय शुक्रवार को कुलपति प्रो. टीएन सिंह की अध्यक्षता में हुई आयोजन समिति की बैठक में लिया गया।
26 जनवरी को राजपथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड की झांकियों में पहली बार काशी विद्यापीठ की झांकी को शामिल किया गया था। प्रो. ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि काशी विद्यापीठ के 99वें स्थापना दिवस पर विविध आयोजन होंगे। 10 फरवरी को प्रभातफेरी की शुरुआत ललित कला विभाग से शुरू होकर सिगरा होते हुए मलदहिया गेट नंबर तीन से होकर पुस्तकालय के समीप उद्यान में पहुंचेगी। प्रभात फेरी में भारतमाता, मां सरस्वती, राजपथ पर निकलने वाली काशी विद्यापीठ की झांकी, काशी विद्यापीठ से जुड़े महापुरुषों की आकर्षक झांकियां सम्मिलित होंगी। सरस्वती पूजन के उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इस दौरान वित्त अधिकारी, एनएसएस समन्वयक, ललित कला एवं मंचकला विभाग के साथ संपत्ति अधिकारी व अभियंता उपस्थित थे।