बेल्थरारोड। उत्तर प्रदेश बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के निर्देश पर स्थानीय सीएचसी सीयर के प्रांगण में सुपोषण स्वास्थ्य मेला का आयोजन बुधवार को किया गया। मुख्य अतिथि एसडीएम विपिन कुमार जैन ने अन्न प्रासन्न योजना में माताओं के गोद में 10 बच्चों को जहां खीर खिलाया, वहीं 14 गर्भवती महिलाओं को फलों की टोकरी प्रदान कर गोद-भराई की। मुख्य अतिथि ने इस मेले में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की ओर से पुष्टाहार से बनाए गए व्यंजनों एवं खेल-खिलौनों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। आंगनबाड़ियों से सीधे बातचीत में कहा कि ग्राम स्वास्थ्य पोषण स्वच्छता समिति में ग्राम प्रधान के संयुक्त हस्ताक्षर से सभी आंगनबाड़ी खाते में पड़े 10 हजार रुपये से वेट मशीन, खिलौने व ग्रोथ चार्ट आदि की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करें।
उन्होंने सीडीपीओ सरस्वती शाक्या से पुष्टाहार एवं उसकी उपयोगिता के बारे में भी विस्तृत सवाल किए। सीडीपीओ सरस्वती शाक्या ने कहा कि हमारा क्षेत्र सात सेक्टरों में विभाजित है। यहां प्रत्येक सुपरवाइजर वहां का काम काज देखती हैं। यह कार्यक्रम चरौवां, सोनाडीह, कुंडैल व शाहपुर अफगा सेक्टर की आंगनबाड़ियों के माध्यम से चयनित लाभार्थियों को एसडीएम द्वारा लाभान्वित किया गया। डॉ. लालचंद शर्मा, डॉ. साजिद, सुपरवाइजर रीता सिंह, रामारानी यादव, ज्ञानमती, बिंदु सिंह, राजमुनी, कमलावती, कंचन दूबे, रमाशंकर यादव व पतिराम यादव आदि मौजूद रहे।