वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा के सुगम दर्शन के लिए टिकट की व्यवस्था की गई है। इसमें मंगला आरती, स्पेशल दर्शन, रुद्राभिषेक के टिकट मिलते हैं, लेकिन इस समय भीड़ को देखते हुए मंगला आरती को छोड़कर अन्य कार्यक्रम के टिकट बंद कर दिए गए हैं। इससे मंदिर न्यास को प्रतिदिन करीब चार लाख रुपये का नुकसान हो रहा है।
बाबा की मंगला आरती के लिए 530 रुपये, स्पेशल दर्शन के 300, रुद्राभिषेक में एक शास्त्री के लिए 330 रुपये सहित कई अन्य पूजा पाठ के टिकट मंदिर न्यास की ओर से काटा जाता है। इसके लिए तीन हेल्प डेस्क काउंटर बनाए गए हैं। इन तीनों काउंटरों से मंदिर न्यास को कम से कम तीन लाख और भीड़ होने पर चार लाख तक की प्रतिदिन आय होती है, लेकिन मंगलवार को ज्यादा भीड़ होने के बाद यह व्यवस्था बंद कर दी गई।
प्रशासन व्यवस्था करता तो नहीं आती परेशानी
सुगम दर्शन बंद होने से सबसे अधिक परेशानी उन्हें हो रही है, जिन्होंने ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग करा ली थी। अब उनके टिकट निरस्त कर मेसेज भेजे जा रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि अगर प्रशासन व्यवस्था करता तो सुगम दर्शन कराए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि चारों गेट से श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए भेजा जा रहा है, प्रशासन को चाहिए कि वह तीन गेट से श्रद्धालुओं को प्रवेश दें, जबकि एक गेट सुगम दर्शन के लिए खुलवाए।
पांच मार्च तक भीड़ रहने का अनुमान
चार मार्च को शिवरात्रि है, लिहाजा कुंभ के पलट प्रवाह से काशी में पांच से छह मार्च तक श्रद्धालुओं के भीड़ बनी रहने की संभावना है।