फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लोकार्पण वाली परियोजनाएं 15 तक पूरी करें

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों लोकार्पित होने वाली परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जाने लगा है। जिला प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को कार्यदायी एजेंसियों से 15 फरवरी तक काम पूरा कर अनापत्ति प्रमाणपत्र लेने को कहा गया है। साथ ही प्रत्येक परियोजना की निगरानी की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। प्रधानमंत्री के 19 फरवरी के प्रस्तावित दौरे में जनसभा के लिए मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल और जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने कई स्थानों का निरीक्षण किया। इस पर अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है।
विज्ञापन

पांच अस्पतालों में दो पूरी तरह तैयार
होमी भाभा कैंसर अस्पताल, महामना कैंसर संस्थान बीएचयू, दीनदयाल अस्पताल व जिला महिला अस्पताल की एमसीएच विंग, ईएसआई अस्पताल और सुपर स्पेशियलिटी सेंटर का लोकार्पण होना है। इसमें होमी भाभा कैंसर अस्पताल और सुपर स्पेशियलिटी सेंटर बन गया है। एमसीएच विंग में बिजली का काम बाकी है। दमकल विभाग से एनओसी भी नहीं मिली है। ईएसआई अस्पताल का आठ फीसदी काम बाकी है।
शुरू होगा सिटी कमांड कंट्रोल का पहला चरण
स्मार्ट सिटी के तहत शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सिटी कमांड कंट्रोल सिस्टम के पहले चरण की शुरुआत होगी। इसके लिए शहीद उद्यान में कंट्रोल रूम तैयार कर लिया गया है। पहले चरण में चौराहों पर सिग्नल लाइन भी लगाई जा चुकी है। बीएचयू में सेंट्रल डिस्कवरी सेंटर भी पूरी तरह से तैयार हो गया है।
विज्ञापन

सारनाथ में लाइट एंड साउंड शो पर संशय
सारनाथ में बहुप्रतीक्षित लाइट एंड साउंड शो शुरू होने पर संशय है। कारण, जिस कंपनी को यह लाइट एंड साउंड शो के लिए सिस्टम तैयार करना है, वह पिछले छह माह से काम पूरा करने में नाकाम हो रही है। बताया जा रहा है कि 20 मिनट के इस शो के लिए अब तक 10 मिनट का ही वीडियो तैयार हो पाया है।
पहले ही शुरू हो जाएगी सुपर स्पेशियसिटी सेंटर की ओपीडी
बीएचयू परिसर में निर्माणाधीन सुपर स्पेशियलिटी सेंटर में 19 फरवरी को प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पण से पहले ओपीडी सेवा शुरू हो जाएगी। न्यूरोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, इंड्रोक्राइनोलॉजी, गैस्ट्रोलॉजी समेत अन्य विभागों की ओपीडी के साथ जांच की सुविधा भी प्रारंभ होगी। बुधवार को आईएमएस निदेशक प्रो. एके अस्थाना की अध्यक्षता में अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक में यह फैसला हुआ। अभी तक बीएचयू में नहीं हो पा रही कुछ जांच के लिए पीपीपी मॉडल पर निजी लैब से बीएचयू की फीस पर ही जांच कराने का भी निर्णय हुआ।
चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजय नाथ मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय से उद्घाटन से संबंधित पत्र आ गया है। प्रधानमंत्री सेंटर के ऊपरी तल पर देश की पहली न्यूरो गैलरी का भी उदघाटन करेंगे। इसमें जाने-माने न्यूरोलॉजिस्ट की पोट्रेट के साथ ही उनके बारे में विस्तृत जानकारी रहेगी। मरीजों की सुविधा के लिए 102 नंबर जांच काउंटर पर टोकन सिस्टम लागू किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें