वाराणसी। चंदौली में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद बुधवार को वाराणसी पहुंचे प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा हमारी लड़ाई भाजपा से है। 45 दलों का साथ हमारे पास है। हमारा चुनाव सिंबल ही चाभी है। हमारा चुनावी सिंबल मास्टर की है। बसपा सुप्रीमो के बयान पर बोले कि सपा और बसपा के गठबंधन के पहले से ही हम बीजेपी से लड़ रहे हैं।
कैंटोंमेंट स्थित सभागार में पत्रकारों से शिवपाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी से मुलायम सिंह यादव को ऑफर दिया है। अगर वह हमारे पार्टी से चुनाव लड़ेंगे तो हम सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेंगे। सपा-बसपा गठबंधन के सेक्युलर होने के सवाल पर उन्होंने कहा इस संगठन का कोई मतलब नहीं है। कहां चले जाएं, कहां न रहें और इनका कोई भरोसा भी नहीं है। ये कभी लड़ाई लड़े नहीं हैं। ये तो सत्ता के लिए काम करते हैं। सत्ता में बेईमानी, भष्ट्राचार और जो टिकट बेचता हो उस पर जनता कैसे भरोसा करेगी। हालांकि बीजेपी को हटाने के लिए सभी सेक्युलर पार्टियों का हम साथ देने को तैयार हैं। इस दौरान रीबू श्रीवास्तव, प्रदेश महासचिव बहादुर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।