वाराणसी। प्रवासी भारतीय दिवस की तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए विदेश राज्यमंत्री जनरल (से.नि.) वीके सिंह बुधवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने बाबतपुर एयरपोर्ट, टेंट सिटी, हस्तकला संकुल और बड़ा लालपुर स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तैयारियों पर संतोष जताया और 18 जनवरी तक टेंट सिटी को पूरी तरह तैयार करने का निर्देश दिया। विदेश मंत्रालय की टीम 18 जनवरी से ही टेंट सिटी सहित अन्य आयोजन स्थलों को अपनी निगरानी में रखेगी।
विदेश राज्यमंत्री ने एयरपोर्ट पर गुरुवार से ही हेल्प डेस्क संचालित करने का निर्देेश दिया और कहा कि सम्मेलन में आने वाले मेहमानों का पहला अनुभव एयरपोर्ट पर रहेगा। यहां विशेष प्रशिक्षित अधिकारी मेहमानों की आगवानी में नियुक्त किए जाएं। इसके बाद टेंट सिटी में मूलभूत सुविधाओं के साथ प्रवासियों की सहूलियत के निर्देश दिया। उन्होंने कहा, टेंट सिटी में मेहमानों की सुविधाओं का ध्यान रखा जाए और उन्हें किसी भी तरह की कमी नहीं महसूस होनी चाहिए। बड़ा लालपुर स्टेडियम में आयोजित होने वाली प्रदर्शनी की जानकारी ली। जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि एक जिला एक उत्पाद प्रदर्शनी में प्रदेश के सभी जिलों के उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा वाराणसी पैवेलियन में यहां के उत्पादों को प्रवासियों के सामने प्रदर्शित किया जाएगा। विदेश राज्यमंत्री ने इस प्रदर्शनी को भव्य तरीके से आयोजित करने और शहर में इसके प्रचार प्रसार का भी निर्देश दिया।
18 की शाम से विदेश राज्यमंत्री करेंगे प्रवास
विदेश राज्यमंत्री जनरल (से.नि.) ने आयोजन स्थल पर कहा कि विदेश मंत्रालय की देख रेख में काम हो रहा है। पहले से कहीं ज्यादा काम हो चुके हैं और जब हम अब 18 जनवरी की रात में यहां पहुंचेंगे तो ये टेंट, सिटी का रूप ले चुकी होगी। पहले जब हम आए थे तो सिर्फ दो टेंट बने हुए दिखाई देते थे पर इस समय चारों तरफ टेंट ही टेंट हैं।