वाराणसी। प्रवासी भारतीय सम्मेलन के मद्देनजर 20 जनवरी से 24 जनवरी तक शहर में सुबह आठ से रात नौ बजे तक नए ऑटो और ई-रिक्शा चलेंगे। वहीं, रात नौ बजे से सुबह आठ बजे तक पुराने ऑटो और ई-रिक्शा चलेंगे। इस दौरान शहर के मुख्य मार्गों पर रिक्शा नहीं चलेंगे। साथ ही, ऑटो से विज्ञापन सामग्री उखाड़ कर उन पर प्रवासी भारतीय सम्मेलन का स्टीकर लगाया जाएगा। यह निर्णय शनिवार को एसपी ट्रैफिक कार्यालय में ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक में लिया गया।
एसपी ट्रैफिक सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि डीटी, ईटी, एफटी और जीटी रजिस्ट्रेशन नंबर सीरीज के ऑटो सुबह आठ से रात नौ बजे तक शहर में चलेंगे। जबकि, इनसे पुरानी सीरीज सीटी, बीटी और एटी वाले ऑटो रात में चलेंगे। इसी तरह से एफटी, जीटी व एचटी सीरीज के ऑटो दिन में और डीटी व ईटी सीरीज के ऑटो रात में चलेंगे। बैठक में सीओ ट्रैफिक अर्जुन सिंह और ऑटो यूनियन के घनश्याम यादव, भगवान सिंह, अशोक मिश्र आदि मौजूद रहे।