चौबेपुर । क्षेत्र के मुनारी खेल मैदान प्रांगण में शिमरन सिंह चंदेल कुश्ती प्रशिक्षण सेवा समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय स्टेट कुश्ती प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को बतौर मुख्य अतिथि पूर्व विधान सभा परिषद सदस्य विनीत सिंह ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
कुश्ती का शुभारंभ 48 किग्रा में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर के पंकज व नंदिनी नगर कुशीनगर के सुनील के साथ शुरू हुआ, जिसमें पंकज विजयी रहे। इसी तरह 55 किग्रा में गाजीपुर के अंगद यादव ने नन्दनी नगर के पहलवान रवि को चित करने में कामयाब रहे। 65 किग्रा में मेरठ के विजय शंकर ने वाराणसी के मनीष को पछाड़ा। 92 किग्रा में अमरोहा के सुरजीत ने अलीगढ़ के हर्ष चौधरी को पटखनी दी। यहां आष्ट्रेलिया के ताइक्वांडों मेहमानों ने भी कुश्ती का आनंद उठाया। इन मेहमानों को सिमरन चंदेल ने सम्मानित किया।
इस मौके पर आयोजक अध्यक्ष अजय सिंह चंदेल ने दूर दूर से आये बुजुर्ग पहलवानों को अंगवस्त्रम से सम्मानित किया। इस मौके पर जिला स्पोर्ट्स अधिकारी चन्द्रमौली पांडेय, प्रदेश कुश्ती संघ के प्रेम शंकर तिवारी, गोरख यादव, भाजयुमो के जिला अध्यक्ष संजय गुप्ता, जित्तू सिंह, शिवजी सिंह, सूरज पहलवान, अजीत सिंह, महेंद्र सिंह, बच्चाराम यादव, शिव वचन पहलवान आदि कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। रविवार को इस कुश्ती प्रतियोगिता का फाइनल होगा।