वाराणसी। रथयात्रा चौराहा पर ट्रैफिक पुलिस के छह से अधिक सिपाहियों की तैनाती, सिग्नल, चौड़ी सड़क और वनवे व्यवस्था के बावजूद यातायात व्यवस्था का हाल ठीक नहीं है। ऐसा क्यों है और समस्या का स्थायी समाधान कब तक होगा, इसका जवाब ट्रैफिक पुलिस के पास नहीं है।
रथयात्रा चौराहा से सिगरा चौराहा तक सड़क की दोनों लेन पर सुबह 10 से 11 बजे तक, दोपहर में और शाम से देर शाम तक रोजाना जाम लगता है। इसके चलते रथयात्रा से कमच्छा मार्ग और गुरुबाग की ओर जाने वाले रास्ते पर भी वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है। रथयात्रा चौराहा और आसपास के क्षेत्र में सड़क पर अतिक्रमण की समस्या भी गंभीर नहीं है। यह जरूर है कि सड़क और पटरी पर वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े नजर आ जाते हैं।
रथयात्रा क्षेत्र के मेडिकल स्टोर संचालक सुशील गुप्ता समस्या के समाधान के बारे में कहते हैं कि ट्रैफिक पुलिस के सिपाहियों को यातायात संचालन संबंधी बेहतर प्रशिक्षण की जरूरत है। वाहनोें के दबाव को देखते हुए यातायात का संचालन करना होगा। यातायात पुलिस का लक्ष्य चालान काटने से ज्यादा व्यवस्था को बनाने पर होना चाहिए। वहीं, मोबाइल शॉप संचालक राम कुमार ने कहा कि यह तय करना होगा कि किस मार्ग पर टोटो और ऑटो चलें। एक ही मार्ग पर एसयूवी, ऑटो, टोटो और रिक्शा जब साथ चलते हैं तो सभी की स्पीड अलग-अलग होती है और कई बार यह जाम का कारण बनती है। इसके साथ ही अतिक्रमण को लेकर सख्ती बरतनी होगी और वाहन पार्किंग की व्यवस्था करनी होगी।