वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के भदवर गांव में देर रात एक युवक पत्तल फेंकने के दौरान कुंए में गिर गया। पहले तो स्थानीय लोगों ने निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता न मिलने पर एनडीआरएफ को बुलाया गया, गिरने के दौरान शरीर में गंभीर चोट लगने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार भदवर में बछांव निवासी सीबू मिश्रा और उनके मित्र ने अपने प्लाट पर रात्रि भोजन का प्रबंध किया था। भोजन करने के बाद पास ही काफी पुराना कुआं था, जहां योगेन्द्र नारायण सिंह उर्फ गुड्डू 35 वर्ष निवासी टिकरी लंका पत्तल फैकने गया। घनी झाड़ियां होने के चलते अंधेरे में कुआं नहीं दिखा और पैर फिसलने से कुंए में गिर गया। पुराना कुआं और घासों की ढेर की वजह से गुड्डू को निकालने का प्रयास हुआ लेकिन नहीं निकाल सके। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने गांव वालों की मदद से गुड्डू को बाहर निकालना चाहा, लेकिन पुराना कुआं और जहरीली गैस की आशंका के चलते कोई अंदर नहीं जा सका। इसके बाद पुलिस ने इस घटना की सूचना एनडीआरएफ को दी। एनडीआरएफ ने काफी मशक्कत के बाद गुड्डू को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। प्रभारी निरीक्षक परशुराम त्रिपाठी ने बताया कि कुंए में पुराना पंपिंग सेट था, जिसके फाउंडेशन से शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आ गई थी, जिससे उसकी मौत हो चुकी है। परिजनों द्वारा अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।