वाराणसी। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन आलोक कुमार ने कहा कि 31 दिसंबर तक सौभाग्य योजना का काम पूरा नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। शनिवार को भिखारीपुर स्थित एमडी कार्यालय पहुंचे चेयरमैन ने अधिकारियों संग सौभाग्य योजना की समीक्षा की। बैठक में सोनभद्र और मिर्जापुर पास हो गए जबकि वाराणसी, फतेहपुर, कौशाम्बी, इलाहाबाद, सिद्धार्थनगर फेल रहे। इस पर चेयरमैन ने आपत्ति जताते हुए चेताया कि काम में तेजी लाएं और समय से समाप्त कराएं।
सौभाग्य योजना के तहत पूर्वांचल के 21 जिलों में चार कंपनियां काम कर रही हैं। इनमें एलएंडटी, जैक्सन, एनसीसी, बजाज शामिल हैं। चेयरमैन ने कंपनियों के परचेज आर्डर की जांच की। इस दौरान उन्होंने गैंग बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही एमडी को निर्देश दिया कि जिन गांवों में बिजली की आधारभूत संरचना पूरी हो गई है। इनकी खंडवार 50-50 गांवों की सूची बनाकर जिला प्रशासन के पास भेजें। जिला प्रशासन इन गांवों में योजना के तहत नए कनेक्शन का फार्म बांटकर सूचित करेगा। बैठक में एमडी गोविंद राजू एनएस, पीपी सिंह, अंशुल अग्रवाल, अनिल कोहली, शैलेंद्र कुमार, डीके त्यागी, एआर वर्मा, एके श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।