चोलापुर। गोसाईपुर पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार की दोपहर ट्रक ने स्कूटी सवार दंपति को कुचल दिया। हादसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रेनू बरनवाल (44) की मौत हो गई जबकि उनके पति चिकित्सक जगदीश बरनवाल (48) घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे दिया। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक भाग निकला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
चोलापुर थाना अंतर्गत कटारी निवासी जगदीश बरनवाल अपनी पत्नी रेनू के साथ स्कूटी से वाराणसी जा रहे थे। गोसाईपुर पेट्रोल पंप के समीप पीछे से आए ट्रक ने जगदीश की स्कूटी को टक्कर मारी तो रेनू सड़क पर गिर पड़ी। रेनू को कुचलते हुए ट्रक रुक गया और उनका शव पिछले पहिये के बीच फंस गया। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि रेनू धरसौना स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यरत थी और जगदीश का क्लीनिक कटारी नई बस्ती में है। रेनू की मौत पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया। आंगनबाड़ी संघ की जिलाध्यक्ष उषा सिंह ने बताया कि शोक में बुधवार को सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
चिकित्सकों ने दिखाई संवेदनहीनता
हादसे में घायल जगदीश बरनवाल को लेकर चोलापुर पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराने पहुंची। घटना की गंभीरता देखने के बावजूद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने घायल को कतार से आने के बाद ही इलाज करने की बात कही। घायल के प्रति ऐसी संवेदनहीनता देखकर प्रभारी निरीक्षक चोलापुर भड़क उठे तो उपचार शुरू हुआ।
एफसीआई गोदाम की वजह से लगता है ट्रकों का जाम
गोसाईपुर में एफसीआई गोदाम की वजह से आए दिन ट्रकों की लंबी कतार लगी रहती है और यह दुर्घटना का कारण बनता है। सड़क के एक तरफ ट्रकों की लंबी कतार की वजह से दूसरी तरफ आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है। इस दौरान दोपहिया वाहन सवार दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। एफसीआई प्रभारी विंध्याचल सिंह ने बताया कि यहां खाद लाई जाती है। वाहन खड़ा करने के लिए कोई दूसरा स्थान नहीं है और लापरवाह ट्रक चालक जल्दबाजी के चक्कर में दुर्घटना कर बैठते हैं।