वाराणसी। मिल्कोपुर में आईईडी विस्फोट के मास्टर माइंड सोनू की तलाश में पुलिस ने चार जिलों में छापेमारी की है। मंगलवार देर रात दो धमाके कर गांव के खली-चूनी व्यापारी लालजी यादव और उनके बेटे अजय यादव की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में नामजद छह आरोपियों में से पांच को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पूछताछ में सामने आया है कि सराफा कारोबारियों ने जमीन और रुपये का लालच देकर यह हत्या करवाई। तफ्तीश में जुटी पुलिस टीमें इस मामले में अब तक 42 लोगों से पूछताछ कर चुकी हैं।
पुलिस के अनुसार लखरांव गांव के मुन्नीलाल यादव का बेटा सोनू ही धमाके का मास्टर माइंड है। उसी पर विस्फोटक तैयार करने का शक है। क्राइम ब्रांच की तफ्तीश में सामने आया है कि सोनू ने मैकेनिकल ट्रेड से आईटीआई की पढ़ाई की है। मिर्जापुर में सीमेंट फैक्ट्री और पत्थर की खदान में काम करने के दौरान उसने विस्फोटक पदार्थ और इससे जुड़ी जानकारियां हासिल कीं। गुरुवार को पुलिस ने उसकी तलाश में मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर और बनारस में कई स्थानों पर छापेमारी की। मगर, उसके बारे में कोई इनपुट नहीं मिला। एक टीम बिहार के बक्सर भेजी गई है जहां उसके कुछ दोस्त रहते हैं।
चौबेपुर थाना अंतर्गत मिल्कोपुर गांव में जाल्हूपुर-गौराकलां सड़क के किनारे ही लालजी यादव की दुकान और घर है। लालजी के भाई श्याम जी की तहरीर पर सराफा कारोबारी चौक क्षेत्र के प्रतीक वर्मा व उसके परिवार के किरन चंद वर्मा, विपिन चंद वर्मा, विनोद चंद वर्मा और लखरांव के मुन्नीलाल यादव व उसके बेटे सोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जांच एजेंसियों ने आशंका जताई है कि हत्या के लिए डेटोनेटर फ्यूज र्को आईईडी सेे कनेक्ट कर बैटरी की मदद से धमाका किया गया। सोनू को छोड़कर अन्य आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं।
सराफा कारोबारी वर्मा परिवार और लालजी के बीच मिल्कोपुर स्थित सड़क किनारे की 20 बिस्वा जमीन पर काबिज होने के लिए एक अरसे से विवाद के साथ ही मुकदमेेबाजी चल रही है। इस जमीन की देखरेख मुन्नीलाल यादव करता है। बदले मुन्नीलाल को प्रतिमाह पांच हजार रुपया मिलता था। क्राइम ब्रांच के अनुसार वर्मा परिवार ने मुन्नीलाल को लालच दिया कि यदि वह उनके राह के रोड़े लालजी को रास्ते हटवा दे तो उसे सड़क किनारे की कीमती जमीन और रुपया दिया जाएगा। इससे उससे परिवार की आर्थिक स्थिति सुधर जाएगी। इसी लालच में मुन्नीलाल के बेटे सोनू ने पिता-पुत्र की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। इस संबंध में एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि वारदात से जुड़े प्रत्येक बिंदु के आधार पर हमारी तफ्तीश जारी है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और वारदात का जल्द खुलासा होगा। हिरासत में लिए गए पांचों नामजद आरोपियों से एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री और आईजी रेंज विजय सिंह मीना ने भी पूछताछ की।