वाराणसी। वाराणसी समेत पूर्वांचल में औद्योगिक विकास और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु तीन सितंबर को वाराणसी आ रहे हैं। इस दौरान वह फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गनाइजेशंस (फियो) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पूर्वांचल के साढ़े तीन सौ से अधिक उद्यमियों और निर्यातकों संग निर्यात बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे। प्रभु पूर्वांचल के स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए अहम घोषणाएं भी कर सकते हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, वाणिज्य सचिव और विदेश निर्यात विभाग के अधिकारी भी शामिल होंगे। वाराणसी में कांच के मोतियों, बनारसी साड़ियों, जीआई उत्पादों के साथ हस्तशिल्प से जुड़ी वस्तुओं के उत्पादन व निर्यात में कई समस्याएं हैं। इन्हें वैश्विक बाजार दिलाने के लिए मंथन की आवश्यकता है। फियो अध्यक्ष गणेश गुप्ता ने बताया कि प्रभु पूर्वांचल के 350 से ज्यादा उद्यमियों से रूबरू होकर समस्याएं जानेंगे। बनारस बीड्स लिमिटेड के अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक अशोक गुप्ता आयोजन को लेकर उत्साहित हैं। उन्हें प्रभु के दौरे से वाराणसी से निर्यात बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद है।