अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में शुक्रवार को नगर के फातिमा स्कूल में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ललित कुमार सिंह ने छात्रों को देश की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवाओं में सफलता पाने के टिप्स दिए। एसपी ने कहा कि कठोर अनुशासन का पालन करते हुए छात्र लक्ष्य निर्धारण के साथ कड़ी मेहनत करें तो कोई बाधा आड़े नहीं आ सकती है।
बोले अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई करने वाले 85 प्रतिशत प्रतियोगी सर्वोच्च प्रशासनिक सेवाओं में चयनित हो रहे हैं। इसलिए अंग्रेजी को विदेशी भाषा समझकर उपेक्षित नहीं करना चाहिए। एसपी ने छात्रों को कानून का पालन करने की सलाह दी। छात्रों ने एसपी से कई सवाल पूछे। एसपी ने उनके जवाब बड़े ही धैर्य से दिए। एसपी ने छात्रों को संबोधित करते हुए विषम परिस्थितियां भी मेहनत करने वाले के रास्ते में बाधक नहीं बन सकती हैं। छात्रों को एकलव्य की तरह अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित भाव से जुटने का आह्वान किया। पूर्व राष्ट्रपति स्व. एपीजे अब्दुुल कलाम का उदाहरण देते हुए एसपी ने कहा कि एक गरीब परिवार से संबंध रखने वाले वे देश के सर्वोच्च पद पर आसीन हुए। मिसाइल मैन की उपाधि से अलंकृत हुए। पुलिस विभाग से जुड़े कई चुभते सवालों के जवाब में एसपी ने कहा कि जिले की पुलिस अच्छा काम कर रही है, कुछ कमियां कहीं पर रह गई होंगी तो उन्हें संबंधित अधिकारी दूर करेंगे। स्कूल की प्रिंसिपल सी. सिंथिया पाषाण ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और संचालन कर रहे छात्र छात्राओं का उत्साहवर्धन अध्यापक अरुण मिश्र ने किया। स्कूल के अध्यापकगण सत्यप्रकाश पांडेय, आरके सिंह, कलस्टन, आमिर, मुस्तफा, कल्पना तिवारी, अजय उपाध्याय, थामस मैथ्यू, नमिता सिंह, अनामिका चतुर्वेदी, रीना और सुनीता ने सहयोग किया।