वाराणसी। इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के तहत शहर में यातायात व्यवस्था की निगरानी और अपराध नियंत्रण के लिए 232 कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही 55 चौराहों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए जाएंगे। इस काम को 30 जून केे बाद शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही सिगरा स्थित शहीद उद्यान में सिटी कमांड सेंटर का काम 30 जून तक पूरा कर लिया जाएगा।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में सोमवार को एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के तहत होने वाले कामकाज की समीक्षा की गई। एडीजी पीवी रमा शास्त्री के सामने शापुरजी पालन जी कंपनी के अंशु मिश्रा, गुरुप्रीत बैरा, देवेश आनंद और टीम लीडर हेमलता ने पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन दिया। एडीजी जोन ने कहा कि इसके साथ ही स्मार्ट पार्किंग की व्यवस्था भी शीघ्र कराएं तो बताया गया कि गोदौलिया पर काम चल रहा है। शेष अन्य 10 स्थानों पर काम शुरू किया जाना बाकी है।
आईजी रेंज विजय सिंह मीना ने कहा कि जो भी काम किया जाए, उसके लिए पुलिस से समन्वय स्थापित करें। एसएसपी रामकृष्ण भारद्वाज ने कहा कि पहले से जो कैमरे शहर में लगे हैं उन्हें भी कमांड सेंटर से जोड़ा जाए। इस दौरान एसपी ट्रैफिक सुरेश चंद्र रावत, सीओ ट्रैफिक अर्जुन सिंह सहित महकमे के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।