वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार की शाम को फिर वाराणसी पहुंच रहे हैं। फ्लाईओवर हादसे के पांचवें दिन यह उनका दूसरा दौरा होगा। वे शाम छह बजे वाराणसी पहुंच रहे मुख्यमंत्री सर्किट हाउस आएंगे। इसके बाद यहां चल रही परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। अगले दिन रविवार को मंडलायुक्त सभागार में कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। दोपहर में मुख्यमंत्री यहां से रवाना हो जाएंगे।
इलहाबाद में कुंभ मेला परिसर के कार्यों के निरीक्षण के बाद शनिवार की शाम छह बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुुंचेंगे। इसके बाद वे अलग-अलग जगहों पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे। रात में मंत्री, विधायक और भाजपा नेताओं से मुलाकात कर फीडबैक लेंगे। रविवार की सुबह 9.45 बजे से मंडलायुक्त सभागार में कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा के बाद वे यहां से रवाना होंगे। माना यह भी जा रहा है कि फ्लाईओवर हादसे में दोषी अधिकारियों पर भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्रवाई कर सकते हैं। अधिकारियों के मुताबिक सीएम आगामी दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे और प्रवासी भारतीय सम्मेलन की तैयारियों का हाल भी जानेंगे।