भदोही। कोतवाली अंतर्गत नगर के इंदिरा मिल फ्लाईओवर के उत्तरी छोर पर मंगलवार की रात सड़क दुर्घटना में नगर पालिका के पूर्व सभासद सतीश गुप्ता के परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि कार में सवार पूर्व सभासद बाल-बाल बच गए। चारों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूर्व सभासद परिवार के साथ रात में वाराणसी में वैवाहिक कार्यक्रम में हिस्सा लेकर भदोही लौट रहे थे। इंदिरा मिल के फ्लाईओवर से रजपूरा की ओर जाने के लिए जैसे ही उनकी गाड़ी मुड़ी, मिर्जापुर की ओर से आज रहे तेज रफ्तार वाहन ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। इससे पिछली सीट पर बैठीं उनकी पत्नी सावित्र गुप्ता (50), पुत्र भुवनेंद्र (31), पुत्रवधू पूजा (26) और आठ माह की पोती काम्या बुरी तरह घायल हो गई। गाड़ी चला रहे पूर्व सभासद और उनके बगल में बैठे एक रिश्तेदार बाल बाल बच गए। सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार पांडेय तत्काल मौके पर पहुंचे और सभी को पास के प्रतिमा हास्पिटल में भर्ती कराया। यहां दो लोगों को जीवनदीप अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने टक्कर मारने वाले वाहन का कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।