वाराणसी। वाराणसी व्यापार मंडल से संबद्ध वाराणसी युवा व्यापार मंडल ने जीएसटी की विसंगतियों, ई-वे बिल सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर रविवार को लहुराबीर चौराहे पर स्थित आजाद पार्क में धरना दिया।
युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता तथा महामंत्री सन्नी जोहर की अध्यक्षता में हुए इस प्रदर्शन में मंडी शुल्क और बैकिंग दुर्व्यवस्थाओं के साथ ही छोटे नोट व सिक्के न लेने का मुद्दा भी उठाया। वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजित सिंह बग्गा ने कहा कि अगर जीएसटी की विसंगतियां दूर नहीं हुईं तो व्यापारियों को आगे और कड़ा रुख अपनाना होगा। वहीं, महामंत्री प्रमोद अग्रहरि ने कहा कि कई वस्तुओं पर जीएसटी रेट अलग-अलग है जो गलत है इसकी समीक्षा और कमियों को दूर करने की जरूरत है।
वक्ताओं ने समाधान योजना की सीमा बढ़ाने की मांग की। युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष ने कहा कि पूरे देश में एक कर प्रणाली है बावजूद इसके मंडी शुल्क उत्तर प्रदेश में अभी भी लागू है। इसे समाप्त कर दिया जाना चाहिए। कार्यक्रम में संयुक्त प्रचार मंत्री रमेश निरंकारी ने अपने विचार रखे। संचालन मनीष गुप्ता तथा सत्येंद्र सिंह व धन्यवाद दीप्तिमान देव गुप्ता ने किया। इस अवसर पर शरद कुमार श्रीवास्तव, सुशील लखमानी, विकास गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, जय चंद्र शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।