भदोही। कोतवाली क्षेत्र के बाजार सरदार खां मोहल्ले में मंगलवार को सुबह जमीन विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्ष से आठ लोग घायल हो गए। एक पक्ष के घायल चार लोगों में से रिजवान समेत दो के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। दूसरे पक्ष के भी चार लोगों को चोटें आई हैं। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक पक्ष के तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
बाजार सदर खां में रिजवान जमीन की चहारदीवारी का निर्माण करा रहे थे। शमीम पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया। उनका आरोप था कि वे नगर पालिका की जमीन पर अतिक्रमण कर रहे थे। इस मामले में दोनो पक्षों में नोक झोंक के बाद मारपीट होने लगे। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में घायल रिजवान, जैनुल आब्दीन, रिजवान, सबीहा बेगम व इरफान को महाराजा बलवंत सिंह अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद रिजवान को निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना में दूसरे पक्ष के शमीम, फिरोज, गुड्डू व सलाहुद्दीन को भी चोटें आई हैं। मामले में पुलिस ने एक पक्ष के तीन लोगों को हिरासत में लिया है।