ज्ञानपुर। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर रामनवमी का पर्व रविवार को पूरे जिले में भक्तिभाव और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों में दर्शन-पूजन के साथ ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते भक्तों ने शोभायात्राएं और भव्य झांकियां निकालीं। जय श्रीराम के जयकारों से हर इलाका गुंजायमान होता रहा। पुष्प की वर्षा कर जगह-जगह शोभायात्राओं का स्वागत किया गया। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
ज्ञानपुर में हरिहरनाथ मंदिर से बाबा बर्फानी ग्रुप की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। इसमें अयोध्या में श्रीराम मंदिर का मॉडल, तिरंगा और मां काली की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा दुर्गागंज तिराहे से होते हुए गिरधरपुर पहुंची और उसके बाद वहां से हरिहरनाथ मंदिर आकर समाप्त हुई। शोभायात्रा में शामिल भक्त डीजे की धुन पर थिरकते हुए श्रीराम के जयकारे लगाते रहे। इसके पूर्व विधि विधान से भगवान श्रीराम की पूजा कर आरती उतारी गई। इस मौके पर राकेश देववंशी, सोनू जायसवाल, ब्रह्मा मोदनवाल, राजेश यादव, शिवम, आर्यन साहू आदि रहे। इसी तरह श्रीराम जन्मोत्सव समिति की ओर की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा गिरधरपुर से शुरू होकर पशु अस्पताल, जिला पंचायत, मुख्य बाजार, राजा पार्क, पुरानी बाजार होते हुए प्रोफेसर कालोनी में समाप्त हुई। इस मौके पर चेयरमैन हीरालाल मौर्य, डॉ. राकेश दूबे, वीरेंद्र बागी, पवन श्रीवास्तव, सोनी गुप्ता, दिनेश श्रीवास्तव, नागेंद्र सिंह, पूर्व चेयरमैन घनश्याम दास गुप्ता, विजय बिंद, अनुपम आनंद उपाध्याय, अभिनव उपाध्याय, पंकज शुक्ला, अभिषेक कुमार, ब्रह्मजीत और आजाद शुक्ला आदि शामिल रहे।
गोपीगंज में सुप्रभात प्रचार समिति की ओर से अंजही मोहाल मंदिर बाबा कबूतर नाथ से विशाल शोभायात्रा निकाली गई। फूलों से सुशोभित रथ पर प्रभु श्रीराम की झांकी हाथी-घोड़े और बैंड-बाजे के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में मां दुर्गा और काली के स्वरूपों के साथ देवी-देवताओं की झांकियां शामिल थी। राम जी की निकली सवारी, राम जी की महिमा है न्यारी... की धुन पर झूमते श्रद्धालुओं ने पूरे नगर का भ्रमण किया। इसमें गोपाल कृष्ण मिश्रा, विजय कुमार, कृष्ण कुमार, विनीत कुमार मिश्र, गिरजाशंकर पांडेय आदि रहे। वहीं, एएसपी डॉ. संजय कुमार, सीओ रामकरन, एसडीएम आशीष कुमार, एसओ सुनील वर्मा सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे।
सुरियावां में प्राचीन हनुमान मंदिर, बावन बीघा तालाब में पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा निकाली गई। इसमें राम गरीब गुप्ता, सभासद अजय मोदनवाल, सावन कुमार, गुड्डू हलवाई, रोहित चौरासिया, राज विजय, राजा बाबू, ठाकुर हलवाई, विपिन, छांगुर हलवाई आदि आदि रहे। इसी तरह महराजगंज बाजार से चौरा देवी मंदिर तक शोभा यात्रा निकाली गई। इसमें डिंपल, राघवेंद्र मिश्र, संजय विश्वकर्मा, बसंतू सोनकर, डब्बू मोदनवाल, पप्पू पांडे, शुभम तिवारी और दीनानाथ तिवारी आदि शामिल थे।