वाराणसी। रविन्द्रपुरी स्थित प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय में जनसुनवाई करने के लिए शनिवार की सुबह 11 बजे प्रदेश के राज्यमंत्री गिरीश चंद यादव पहुंचे। इस दौरान मंत्री के आने की सूचना पर फरियादी भी पहुंच गए थे। बलिया बैरिया के रहने वाले ललित पाठक ने पत्र देकर गांव के सार्वजनिक रास्ते से अतिक्रमण हटवाने की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि इससे आवागमन में परेशानी हो रही है। कैंट के रहने वाले बृजेंद्र यादव ने पत्र देकर बनारस के सभी तालाबों, कुंडों के संरक्षण की मांग की।
चौबेपुर उमरहा की रहने वाली प्रीति सिंह ने बताया कि पांच वर्ष पहले गणेशपुर मंडुवाडीह में एक बिस्वा जमीन खरीदी थी। उसी जमीन को बेचने वाले ने दूसरे को बेच दिया है। जैतपुरा के रहने वाले इंद्र प्रकाश ने मकान पर नाम चढ़वाने के नाम पर नगर निगम की ओर से रुपये मांगने का आरोप लगाया। मुमुक्षु भवन अस्सी के रहने वाले ब्रह्मानन्द ने वृद्धा पेंशन के लिए दौड़ने के बाद भी सुनवाई नहीं होने की गुहार लगाई।
कमच्छा के रहने वाली बिंदु गुप्ता ने बताया कि बिजली कनेक्शन देने के नाम पर क्षेत्रीय जेई पैसे मांग रहा है। मुनारी चौबेपुर के रहने वाले रवि सेठ ने विद्यालय प्रबंधक की ओर से फीस लेने के बाद भी परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया गया। केराकत जौनपुर के रहने वाले उमाशंकर सिंह ने बताया कि इनकी सारी जमीन पर पट्टीदार ने जबरन कब्जा कर लिया है। इस पर मंत्री ने सभी विभागों के अधिकारियों को समस्या दूर करने का आदेश दिया।