वाराणसी। स्मार्ट सिटी योजना का काम शुरू होते ही दुश्वारियां भी सामने आने लगी हैं। शहर में चार थीम पार्क विकसित किए जाने हैं लेकिन इनमें शामिल विज्ञान पार्क के प्रस्ताव को जगह उपलब्ध न हो पाने पर योजना से बाहर कर दिया गया है। नगर निगम प्रशासन ने पहले विज्ञान पार्क के लिए मछोदरी पार्क में जगह प्रस्तावित की थी लेकिन जगह का अभाव बताते हुए निगम प्रशासन ने कदम खींच लिए। लिहाजा, थीम पार्कों की कार्ययोजना तैयार कर रही प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसलटेंट संस्था (पीएमसी) ने भी इसे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से बाहर कर दिया। चारों थीम पार्क पर छह करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। डेढ़ करोड़ का बजट मछोदरी में विज्ञान पार्क विकसित करने के लिए निर्धारित था।
इसके तहत मछोदरी पार्क को और खूबसूरत बनाए जाने के साथ ही वहां स्थित तालाब के समीप विज्ञान पार्क की अवधारणा को मूर्तरूप दिया जाना था। विज्ञान पार्क में पर्यावरण, ऊर्जा संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े केंद्र स्थापित किए जाने थे। इसके अलावा, गुलाब बाग, शास्त्री पार्क और रवींद्रपुरी पार्क को अलग-अलग थीम पर विकसित किया जाना है। निगम सूत्रों के मुताबिक मछोदरी पार्क में सीआरपीएफ का कैंप होने के कारण जगह नहीं मिल पा रही है। बेनियाबाग पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए भी निगम प्रशासन जमीन उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। वहीं, गुलाब बाग, शास्त्री पार्क और रवींद्रपुरी पार्क के लिए डीपीआर और डिजाइन तैयार कर ली गई है। एक सप्ताह के अंदर टेेंडर की प्रक्रिया पूरी करा लिए जाने की संभावना है।