ज्ञानपुर। पिछले 24 घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप रहने के कारण गुरुवार को आधे जिले में बिजली-पानी के लिए हाहाकार मच गया। मिर्जापुर में 132 केवी मेन लाइन का कंडक्टर टूट जाने के कारण बुधवार की शाम से आपूर्ति ठप है। इससे जलापूर्ति भी बाधित हो गई है। बिजली न होने की वजह से लोगों के मोबाइल तक डिस्चार्ज हो गए। वहीं, पानी के लिए हैंडपंपों पर कतारें लगी रहीं।
मिर्जापुर से भदोही जिले के औराई को आने वाली 132 केवी मेन लाइन का कंडक्टर बुधवार की शाम करीब छह बजे पिपर गांव में टूटकर गंगा में गिर गया। इससे 132 केवी उपकेंद्र औराई, गोपीगंज और चौरी से जुड़े 33/11 विद्युत उपकेंद्रों औराई, महराजगंज, लालानगर, खमरिया, सेमराध, गोपीगंज, सीतामढ़ी, वहिदा, रमईपुर, पाली और ज्ञानपुर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इन उपकेंद्रों से जुड़े सैकड़ों गांवों और बाजारों में अंधेरा छा गया। साथ ही बिजली से होने से तमाम जरूरी कार्य ठप हो गए। बुधवार शाम छह बजे से गुल हुई बिजली का बृहस्पतिवार को शाम छह बजे के बाद तक अता-पता नहीं था। 24 घंटे तक अंधेरे में रहने के कारण हजारों की आबादी में हाहाकार मच गया। वजह जानने और बिजली आपूर्ति दोबारा बहाल होने की जानकारी लेने के लिए बिजली दफ्तर की टेलीफोन घंटियां लगातार घनघनाती रहीं। बिजली आपूर्ति ठप होने से पीने के पानी के लिए भी मुश्किलें बढ़ गईं। तमाम लोगों को हैंडपंपों से ढोकर पानी लाना पड़ा। पानी के लिए हैंडपंपों पर भारी भीड़ जमा हुई और लोगों के बीच किचकिच भी होती रही। इस संबंध में अधिशासी अभियंता अमर सिंह ने बताया कि बुधवार की रात में 132 केवी मिर्जापुर-औराई लाइन का कंडक्टर टूट जाने के कारण 132 केवी औराई, गोपीगंज और चौरी से जुड़े उपकेंद्रों की आपूर्ति बाधित हुई है। विद्युत पारेषण खंड मिर्जापुर की ओर से मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने देर रात तक आपूर्ति बहाल होने की संभावना जताई है।