वाराणसी। तीसरी कराटे नेशनल चैंपियनशिप में मेजबान यूपी के करातेकाओें ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 49 स्वर्ण समेत कुल 111 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया। 17 स्वर्ण पदकों के साथ पश्चिम बंगाल की टीम दूसरे और छह स्वर्ण के साथ झारखंड की टीम तीसरे स्थान पर रही। अमर उजाला फाउंडेशन और मानव एकेडमी आफ मार्शल आर्टस के संयुक्त तत्वावधान में सिगरा स्थित संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार को तीन दिवसीय चैंपियनशिप के आखिरी दिन आयोजित समापन समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने विजेता करातेकाओं को पुरस्कृत किया। उनके हौसले और हुनर की सराहना की।
रविवार को अंतिम दिन हुए जूनियर और सीनियर वर्ग के मुकाबलों में भी यूपी के करातेकाओं का बेहतरीन प्रदर्शन जारी रहा। यूपी टीम के सत्यनारायण मौर्या को पुरुष वर्ग में और कशिश पटेल को महिला वर्ग में बेस्ट प्लेयर आफ द चैंपियनशिप के खिताब से नवाजा गया। यूपी की टीम ने कुल 111 पदक जीते। इसमें 49 स्वर्ण,24 रजत और 38 कांस्य पदक शामिल हैं। दूसरे स्थान पर रहने वाली पश्चिम बंगाल की टीम ने 60 पदक जीते। इसमें 17 स्वर्ण, 21 रजत और 22 कांस्य पदक शामिल हैं। तीसरे स्थान पर रहने वाली झारखंड की टीम ने 32 पदक हासिल किए। इसमें छह स्वर्ण, 12 रजत और 14 कांस्य पदक शामिल हैं। चौथे स्थान पर रहने वाली उत्तराखंड की टीम ने तीन स्वर्ण, नौ रजत और 23 रजत के साथ 35 पदक अपने नाम किए। पांचवें स्थान पर रहने वाली पंजाब की टीम ने दो स्वर्ण, आठ रजत और 21 कांस्य के साथ 31 पदक हासिल किए।
प्रतियोगिता में मुख्य रेफरी की भूमिका में मनीष कुमार (पंजाब), सेंसई मनोज प्रसाद, प्रदीप सिकारिया और कौशिक अधिकारी (प. बंगाल), सेंसई पूनम सिंह, सेंसई मोजिबुद्दीन अंसारी, सेंसई मोहन कुमार (झारखंड), सिहान राम राव राठौर (महाराष्ट्र), सेंसई सारिका पटेल (उत्तराखंड), सेंसई विक्रम मिश्रा (बिहार), सेंसई मनीष कुमार (पंजाब), सेंसई दीपक पवार (गुजरात), सेंसई पारसनाथ (फर्रुखाबाद), सेंसई दिनेश भारद्वाज, जयपाल सोनकर, अविनाश गुप्त (उप्र) आदि शामिल रहे। संस्था की संरक्षक मोनिका सिंह, चेयरमैन सिहान एचएन सिंह, उपाध्यक्ष संदीप सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रो. सुशील कुमार गौतम, मुख्य सलाहकार डॉ. मेघांकर, अजय श्रीवास्तव, डॉ. मंजूलता सिंह, मनमोहन त्यागी, शिप्रा श्रीवास्तव, धर्मराज मौर्या, अशोेक कुमार यादव, राम प्रकाश मौर्य तथा संरक्षक डॉ. रामनाथ नायक ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।