फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फर्जी मतदान की आशंका में दस हिरासत में, छोड़े गए

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। नगर निकाय चुनाव के दौरान मतदाता सूची में नाम न होने से रविवार को सभी वार्डों में मतदाताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। कुछ मतदान केंद्रों के बाहर गुस्साए लोगों ने नारेबाजी के साथ हंगामा किया। इस दौरान कुछेक स्थानों पर पुलिस को लाठियां पटक कर लोगों को खदेड़ना पड़ा तो कहीं समझाबुझाकर मामला शांत करा दिया गया। वहीं, सारनाथ के सोना तालाब स्थित सेंट मैरीज स्कूल से फर्जी मतदान की आशंका में आठ महिलाओं और दो पुरुषों को पुलिस ने हिरासत में लिया और देर शाम तक नाम और पते की तस्दीक के बाद छोड़ दिया।
विज्ञापन

सारनाथ थाना अंतर्गत सोना तालाब स्थित सेंट मैरीज स्कूल मतदान केंद्र पर रविवार को करीब सवा नौ बजे भाजपाइयों ने हंगामा किया। उनका कहना था कि दूसरे क्षेत्र के लोग एक प्रत्याशी को फर्जी तरीके से मतदान करने के लिए लाइन में लगे हैं। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने शिवपुर क्षेत्र की आठ महिलाओं और चोलापुर क्षेत्र के दो लोगों को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि सभी के पास आधार कार्ड था और उनका वोटर लिस्ट में नाम भी था लेकिन वह दूसरी जगह के रहने वाले थे। स्थानीय लोगों के पहचानने पर उन्हें मतदान नहीं करने दिया गया। पूछताछ के साथ ही नाम-पते और आधार कार्ड की तस्दीक करने के बाद सभी को छोड़ दिया गया। बीएलओ की गड़बड़ी से ऐसा हुआ था।
इसी तरह आदमपुर जोनल कार्यालय पहुंचे कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण से मतदाताओं ने कोनिया वार्ड के बूथ पर फर्जी वोटिंग की शिकायत करते हुए बताया कि उनके आने से पहले ही उनके नाम से वोट डाल दिया गया है। कमिश्नर ने मजिस्ट्रेट और पीठासीन अधिकारी को फटकार लगाते हुए गंभीरता से वोटिंग कराने को कहा।
विज्ञापन

इसी तरह नरिया स्थित बीएनएस स्कूल पर फर्जी तरीके से वोटिंग का आरोप प्रत्याशी एक-दूसरे पर लगाते रहे और पुलिस से नोकझोंक करते रहे। यहां मजिस्ट्रेट ने आसपास की दुकानों को मतदान शुरू होने के चार घंटे बाद बंद कराई। आदित्य नगर में बने बूथ पर हंगामे की सूचना पर पीआरवी मौके पर पहुंची लेकिन मामला शांत हो गया था। उधर, मतदाता सूची से नाम कटने का मामला लेकर सारनाथ थाना के पैगंबरपुर व अमनपुरी कॉलोनी, भेलूपुर थाना के भदैनी व रवींद्रपुरी, कैंट थाना के पांडेयपुर क्षेत्र की विराट नगर कॉलोनी, चौक, लक्सा, नई सड़क व दशाश्वमेध क्षेत्र, सिगरा थाना की वरुणापुरम कॉलोनी, लंका थाना के प्रज्ञा नगर, इंदिरा नगर, कैलाशपुरी व आरकेपुरम नेवादा और कोतवाली क्षेत्र स्थित कुछेक मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने पुलिस से जमकर नोकझोंक के साथ ही हंगामा किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें