वाराणसी/बाबतपुर। बाबतपुर एयरपोर्ट के सिक्योरिटी होल्ड एरिया से गुरुवार की रात अरबों रुपये हड़पने के आरोपी कर्नाटक के मंगलौर निवासी रघु शेट्टी को राजस्थान पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया। वह बंगलूरू की फ्लाइट पकड़ने की तैयारी में था। पूछताछ के बाद पुलिस ने छापेमारी कर शिवपुर और कैंट इलाके से रघु के सात अन्य साथियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार रघु शेट्टी राजस्थान में आधा दर्जन चिटफंड और कोऑपरेटिव फाइनेंस कंपनियों के माध्यम से एक हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम हड़पने का आरोपी है। पुलिस का शिकंजा कसता देख उसने जयपुर और नई दिल्ली के अपने कार्यालय बंद कर दिए थे। बीते एक पखवारे से वह शिवपुर क्षेत्र की गिलट बाजार पुलिस चौकी के समीप अपने 15 साथियों के साथ नया कार्यालय तैयार करा रहा था।
जयपुर पुलिस ने वाराणसी के एसएसपी को यह जानकारी दी थी कि रघु शेट्टी इन दिनों शहर में अपना कार्यालय खोलने की तैयारी में है। साथ ही, उसकी गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच का सहयोग मांगा था। सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से पता लगा कि रघु गुरुवार रात 8:40 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से बंगलूरू के लिए उड़ान भरेगा। इस सूचना पर क्राइम ब्रांच प्रभारी ओम नारायण सिंह ने अपनी टीम के एसआई राकेश सिंह, पीएन सिंह, कुलदीप सिंह, सुमंत सिंह, पुनदेव सिंह और राजस्थान पुलिस के साथ एयरपोर्ट परिसर में जाल बिछाया। रात करीब आठ बजे सीआईएसएफ की मदद से रघु शेट्टी को सिक्योरिटी होल्ड एरिया से हिरासत में लिया गया।
उसके पास से वाराणसी से बंगलूरू का टिकट और एक बैग बरामद किया गया। इसके बाद रघु शेट्टी से पूछताछ शुरू की गई। पूछताछ के आधार पर रात 12:30 बजे तक रघु शेट्टी के सात साथियों को हिरासत में लिया जा चुका था। उसने बताया कि वह गिलट बाजार पुलिस चौकी के समीप इसी महीने अपना कार्यालय खोलने की तैयारी में था। वाराणसी के बाद वह पूर्वांचल के अन्य मंडल मुख्यालय में अपना कार्यालय खोलता और फाइनेंस का काम शुरू करता। समाचार लिखे जाने तक रघु के साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी का सिलसिला जारी था।
इस संबंध में एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि राजस्थान में अरबों रुपये हड़पने के मामले में वांछित रघु शेट्टी को राजस्थान पुलिस ने क्राइम ब्रांच के सहयोग से गिरफ्तार किया है। आगे की कार्रवाई के लिए उसे जयपुर ले जाया जा रहा है।