वाराणसी। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान रविवार की रात सोनभद्र के बीजपुर निवासी युवक चंद्रिका पनिका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट बुधवार को आ गई। रिपोर्ट में किडनी निकालने की पुष्टि नहीं हुई है। इसकी जानकारी लंका पुलिस को भी दी गई है। लंका थानाध्यक्ष का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के मुताबिक युवक की किडनी नहीं निकाली गई थी।
मृतक के भाई रमेश पनिका की ओर से सोमवार को चिकित्सकों पर ऑपरेशन के दौरान किडनी निकालने का आरोप लगाते हुए लंका थाने में तहरीर दी गई थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
चंद्रिका पनिका (28) बीते पांच अक्तूबर की शाम बाइक से अपनी ससुराल बैढ़न जा रहा था। इसी दौरान वह सड़क हादसे में जख्मी हो गया था। स्थिति गंभीर होने पर उसे एनटीपीसी के बीजपुर स्थित अस्पताल से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया था। रविवार की रात ऑपरेशन के बाद उसकी मौत हो गई थी। रमेश ने बताया कि उसके पेट पर गहरा कटे का निशान था। आरोप लगाया था कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सक ने उसकी किडनी निकाल ली है। लंका थानाध्यक्ष का कहना है कि सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को रिपोर्ट आ गई है। इसमें मृतक के शरीर से किडनी निकालने का जिक्र नहीं है।