वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र के येलो जोन स्थित मंदिर प्रशासन को दान में मिले मकान में बने सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में बोरी के नीचे ढंकी भारत माता की प्रतिमा को लेकर बुधवार की रात हंगामा खड़ा हो गया। आम आदमी पार्टी से जुड़ी मोहिनी महेंद्रू ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को सूचना देते हुए भारत माता की मूर्ति से बोरी हटवाने की मांग लेकर धरने पर बैठ गई। सूचना पाकर मौके पर भारी संख्या में फोर्स के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। रात 11:40 बजे प्रतिमा से बोरह हटाने पर धरना खत्म हुआ।
येलो जोन स्थित सरस्वती फाटक के समीप का मकान राजेश धानुका का था। उन्होंने मकान को काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन को दान कर दिया है। जर्जर भवन को मंदिर प्रशासन ने ढहवा दिया है। बुधवार की रात नौ बजे के लगभग नीलकंठ की मोहिनी महेंद्रू सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंची और भारत माता की मूर्ति से बोरी हटाने की मांग लेकर धरने पर बैठ गईं। उनका कहना था कि मूर्ति पर से तत्काल बोरी हटवाई जाए। उधर, मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एसएन त्रिपाठी का कहना है कि भवन के एक कोने में भारत माता की प्रतिमा पहले से थी जिसे सुरक्षित रखवाया गया है। जीर्णोद्धार होने के बाद उसे पुन: उसी रूप में प्रतिस्थापित करा दिया जाएगा। इस संबंध में एसपी ज्ञानवापी सुरक्षा शैलेंद्र राय ने बताया कि मंदिर प्रशासन और धरने पर बैठीं मोहिनी से बातचीत कर मामले को सुलझा लिया गया है।