शिवपुर। पिसौर पुल के पास पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे चार बदमाशों को गुरुवार की भोर में गिरफ्तार कर लिया गया। चारों के पास से दो कट्टा, दो कारतूस, चोरी की दो बाइक और छीनी गई सोने की चेन बरामद हुई है। उन्हें जेल भेज दिया गया है। गिरफ्त में आए आरोपियों पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी सहित अन्य आरोपों में 13 मुकदमे दर्ज हैं।
शिवपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि गुरुवार की भोर में सूचना मिली कि दो बाइक पर चार बदमाश पिसौर पुल की ओर जा रहे हैं। इस सूचना पर घेरेबंदी की गई। पुलिस को देख बाइक सवार बदमाश मुड़कर भागे और फायरिंग की। हालांकि, पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों की शिनाख्त गाजीपुर के सिकंदरपुर के अजीत सिंह उर्फ कौआ, चांदपुर के राजू सरोज, चोलापुर के महगांव के अनिल कुमार और मंडुवाडीह की बजरंग नगर कॉलोनी के शिवम चौबे के तौर पर हुई है। चारों ने शहर और आसपास के इलाकों में चोरी, छिनैती और लूट की वारदातों में संलिप्तता स्वीकारते हुए अपने गिरोह के तीन और सदस्यों के बारे में पुलिस को जानकारी दी है। इन तीनों बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगाई गई है।