वाराणसी। प्रधानमंत्री कार्यालय 24 अगस्त को काशी के विकास कार्यों की समीक्षा करेगा। इस आशय का पत्र जिला प्रशासन के पास आ गया है। नई दिल्ली स्थित पीएमओ में होने वाली इस समीक्षा बैठक की तैयारियां जोरों पर हैं। वाराणसी के अलावा राज्य सरकार के आला अधिकारी इसमें शामिल होंगे। सांसद निधि की डिजिटल डायरी सोमवार को ही वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी। पिछले तीन साल में कराए गए सभी कार्यों का फोटो और ब्यौरा डिजिटल डायरी में होगा।
उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक बैठक में बिजली, पानी, सड़क, पुल, गैस पाइप लाइन समेत केंद्र और राज्य की ओर से संचालित सभी योजनाओं की प्रगति देखी जाएगी। उनके कार्यान्वयन की वस्तुस्थिति को देखते हुए काशी के समग्र विकास का ब्लूप्रिंट तैयार किया जाएगा। गंगा, वरुणा और असि नदियों के संरक्षण और विकास की रूपरेखा भी तय की जाएगी। यहां से कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण और डीएम योगेश्वर राम मिश्र के बैठक में शामिल होने की संभावना है। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक प्रेमचंद्र पटेल ने बताया कि सांसद निधि की डिजिटल डायरी सोमवार को वाराणसी डाट एनआईसी डाट इन पर अपलोड हो जाएगी। इसमें सांसद निधि के सभी कार्यों का ब्यौरा होगा।