वाराणसी। सीवर का पाइप डालने के लिए की जा रही खुदाई से शहर अस्त-व्यस्त है और राहगीर बेहाल हैं। इंग्लिशिया लाइन से मलदहिया मार्ग पर खोदी गई सड़क जाम का कारण बन रही है। शनिवार को भी इस मार्ग पर पूरे दिन जाम लगा रहा। जाम देखकर लोगों ने गलियों का रुख किया तो थोड़ी देर बाद वहां लंबी कतार लग गई। वहीं दूसरी तरफ नदेसर में खुदाई के कारण दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। वहीं नदेसर क्षेत्र में मस्जिद के सामने खोदाई के कारण एक लेन पर यातायात प्रभावित रहा।
शनिवार को शहर के कई इलाकों में लोग जाम के झाम से जूझते रहे। सड़क पर खोदाई और पाइप लाइन फटने के कारण रुक-रुक कर जाम की स्थिति बनती रही। इंग्लिशिया लाइन से मलदहिया मार्ग पर पिछले दो दिनों से सड़क की खोदाई काम चल रहा है। ठेकेदार ने सड़क खोदकर मलबा वहीं छोड़ दिया है। इसके कारण एक लेन दिन भर बंद रही। सुबह तो ट्रैफि क ठीक रहा, लेकिन 11 बजे के बाद वाहनों का दबाव बढ़ने लगा। लोग जल्दी निकलने के चक्कर में बेतरतीब वाहन चलाने लगे। देखते ही देखते लंबा जाम लगा गया। जिससे लोग पूरे दिन निजात नहीं पा सके। जिसका असर मलदहिया, सिगरा और रथयात्रा तक रहा। वहीं नदेसर क्षेत्र में मस्जिद के सामने खोदाई के कारण एक लेन पर यातायात व्यवस्था बाधित रही। रुक-रुक कर जाम लगने के कारण लोग परेशान होते रहे। पुलिस भी वाहनों का जाम छुड़ाने में पसीने-पसीने होती रही।
वरुणा पार क्षेत्र में शुद्ध पेयजल सप्लाई के लिए टेस्टिंग के दौरान पाइप लाइन के फटने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन वरुणा पार क्षेत्र में पाइपलाइन फटने की शिकायतें सामने आ रही हैं। शनिवार को कचहरी के सामने पाइप फटने के कारण पटरी पर पानी भर गया। इसके कारण जाम की स्थिति बनी रही।