वाराणसी। बीएचयू इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस (आईएमएस) में बुजुर्ग मरीजों के देखभाल को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण के पहले दिन छत्तीसगढ़ की स्टाफ नर्सों से अस्पतालों में आने वाले बुजुर्ग मरीजों के इलाज पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया गया। रीजनल जिरियाट्रिक सेंटर के नोडल प्रभारी डॉ. अनूप सिंह ने इस दिशा में स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से चलाए जा रहे प्रोग्राम के बारे में विस्तार से बताया।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से छत्तीसगढ़ के अस्पतालों में कार्यरत स्टाफ नर्सों के प्रशिक्षण की जिम्मेदारी बीएचयू स्थित नोडल सेंटर को मिली है। इसके तहत मंगलवार को कार्यशाला और बुधवार को जिरियाट्रिक वार्ड में मरीजों के बीच प्रशिक्षण दिलाया जाना है। विभागाध्यक्ष और नोडल प्रभारी डॉ. अनूप ने बताया कि किसी भी अस्पताल के सुचारु रुप से संचालन में नर्सों की अहम भूमिका होती है। कहा कि बुजुर्गों को विशेष सुविधाएं मिल सके और उन्हें परेशान न होना पड़े, इसी उद्देश्य से मंत्रालय की ओर से विशेष कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस दौरान डॉ. एसएस चक्रवर्ती, प्रो. आईएस गंभीर, जिला नोडल आफिसर एनसीडी काके के डॉ. लोकेश देव आदि मौजूद रहे।