वाराणसी। बीएचयू के 100वें दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक पाने वाले टॉपर्स की कापियां अब छात्र-छात्राएं देख सकेंगे। मेधावी विद्यार्थियों से अन्य विद्यार्थी प्रेरणा ले सकें, इस उद्देश्य से नई व्यवस्था समारोह के बाद लागू कर दी जाएगी। बुधवार को कुलपति प्रो. राकेश भटनागर ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि इस बारे में आदेश जल्दी ही जारी किया जाएगा।
विश्वविद्यालय में 22 नवंबर को आयोजित 100वें दीक्षांत समारोह के बारे में कुलपति ने बताया कि स्वतंत्रता भवन में गुरुवार को सुबह नौ बजे से शिक्षा सत्र 2017 और 2018 का समारोह एक साथ आयोजित होगा। एंफीथिएटर मैदान की जगह इस साल का आयोजन स्वतंत्रता भवन में समारोह मनाया जाएगा। बताया, विभिन्न संकायों में प्रथम स्थान पाने वाले 2017 के 31 और 2018 के 26 मेधावियों को मंच से स्वर्ण पदक दिया जाएगा।
दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि जाने-माने वैज्ञानिक प्रो. रघुनाथ अनंत माशेलकर द्वारा भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. के विजय राघवन को डीएससी, जाने-माने संगीतज्ञ पं राजन मिश्र, साजन मिश्र को डीलिट की मानद उपाधि दी जाएगी। एक सवाल के जवाब में कहा कि पूर्व के समारोह में सदी के महानतम अभिनेता अमिताभ बच्चन को मानद उपाधि दी गई थी लेकिन वह अब तक उपाधि ले नहीं सके हैं। इसके लिए उनसे बातचीत चल रही है।