वाराणसी। सारनाथ थाना अंतर्गत लेढ़ूपुर स्थित पावर हाउस के समीप फायरिंग मेें घायल कैलाश यादव की हालत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में स्थिर बताई गई है। मामले को लेकर गुरुवार को कैलाश के भाई कमलेश की तहरीर पर बागपत जेल मेें मारे गए मुन्ना बजरंगी के रिश्तेदार आशीष सिंह उर्फ सोनू और एक अज्ञात के खिलाफ सारनाथ थाना मेें हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। आशीष की तलाश में पुलिस की चार टीमें गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़ और नई दिल्ली रवाना की गई है। साथ ही, पुलिस उसके तीन करीबियों से पूछताछ कर उसके छुपने के संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी हुई है।
चौबेपुर थाना अंतर्गत नरायनपुर निवासी कैलाश यादव को हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। फिलहाल हाईकोर्ट से जमानत पाकर वह जेल से बाहर है। बुधवार की शाम आशापुर से घर जाते समय बाइक सवार कैलाश का बाइक सवार दो बदमाशों ने लेढ़ूपुर में ओवरटेक कर नाइन एमएम की पिस्टल से चार गोली मारी थी। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में आपरेशन कर कैलाश के पेट और पीठ से गोलियां निकाली गईं। कैलाश ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2011 में हुई अशोक सिंह की हत्या का बदला लेने के लिए उनके बेटे आशीष ने उसे गोली मारी है। तफ्तीश के क्रम में बुधवार रात से गुरुवार देर रात तक पुलिस आशीष की तलाश में सारनाथ के लोहिया नगर स्थित उसके घर से लेकर जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ में दर्जन भर स्थानों पर छापामारी की लेकिन कहीं पता नहीं लगा। गुरुवार को उसके नई दिल्ली में छुपे होने की आशंका पर एक पुलिस टीम वहां के लिए रवाना की गई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सारनाथ नेे बताया कि पुलिस टीमें आशीष और उसके साथी की तलाश में लगातार छापामारी और पूछताछ कर रही है।