चौरी। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए घरों में लगा मीटर ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। आरोप है कि मीटर लगने के बाद से बिजली का बिल पांच गुना अधिक आ रहा है। जिससे गरीबों की धड़कने बढ़ गई है। अधिक बिल को लेकर बिजली विभाग के कर्मचारियों से ग्रामीणों की खूब नोक झोक हो रही है। बिजली विभाग की लापरवाही के कारण सरकार की खूब किरकरी हो रही है।
क्षेत्र में इन दिनों विद्युत विभाग के कारनामों से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। मीटर लगाने से लेकर रसीद देने तक के पैसे देने वाले भोले भाले ग्रामीणों के लिये अब एक और समस्या खड़ी हो गई है। मीटर लगने के बाद से ही मनमाना बिल आ रहा है। कुछ एलईडी वल्ब और मात्र टीवी चल रहे घरों के बिल भी पांच अधिक देखकर लोग दंग हैें। गुरुवार को चौरी बाजार में मीटर का बिल निकालने पहुंचे कर्मचारियों से ग्रामीणों की नोक झोक हो गई। टीवी और वल्ब जलाने वालों ने पांच महीने का 6300 रुपया बिल देख हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कर्मचारियों से अधिक बिल आने का कारण पूछा तो कर्मचारी ग्रामीणों को उल्टा फ़ंसाने की धमकी देने लगे। इस पर ग्रामीण और भड़क गए और नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों के रुख को देख कर्मचारी खिसक लिए। मीटर लगने के बाद से ही लोग बिजली बचाने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। बावजूद इसके बिल कम होने के बजाय अधिक आ रहा है। नईबस्ती के उषा देवी, नन्हें विश्वकर्मा, नेहरू, भाईलाल, अशोक, छोटेलाल, सोनू, आदि ने कहा कि एक तो पांच माह में बिल मिल रहा है। ऊपर से पांच गुना बिल देखकर होश उड़ जा रहा है।