वाराणसी। प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना (सौभाग्य योजना) के तहत दिसंबर, 2018 तक हर घर को रोशन करने की तैयारी है। योजना के तहत पूर्वांचल के 21 जिलों में 46, 11, 975 लोगों को कनेक्शन दिया जाएगा। इनमें बनारस के 69,630 लोग शामिल हैं। लाभान्वित होने वालों में 67,793 ग्रामीण और 1,837 शहरी निर्धन होंगे। बीते 17 दिसंबर को एक दिन में पूर्वांचल के 42 हजार लोगों को कनेक्शन दिया जा चुका है।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक अतुल निगम ने बताया कि गांवों में सबको और शहर में केवल गरीबों को नि:शुल्क कनेक्शन दिया जाएगा। जहां दूरी अधिक होगी, उन घरों को सौर ऊर्जा के जरिए रोशन किया जाएगा। इसके लिए नेडा को जिम्मेदारी दी गई है। वर्ष 2011 के सामाजिक, आर्थिक सर्वेक्षण के आधार पर पात्र लोगों को कनेक्शन दिया जाएगा।