वाराणसी। प्रधानमंत्री ऊर्जा गंगा परियोजना के तहत काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर में पाइप लाइन से ईंधन गैस की आपूर्ति अक्तूबर तक शुरू हो जाएगी। बीएचयू परिसर के आवासों, हॉस्टल और कैंटीन में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की सप्लाई के लिए शुक्रवार को बीएचयू और गेल इंडिया लिमिटेड के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुआ।
केंद्रीय कार्यालय में कुलसचिव डॉ. नीरज त्रिपाठी और गेल इंडिया लिमिटेड के जोनल डिप्टी जनरल मैनेजर भीखू राठौर ने सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए। जोनल डिप्टी जनरल मैनेजर ने बताया कि इस परियोजना के तहत बीएचयू परिसर के 1460 आवास, 80 हॉस्टल और कैंटीन में पाइप लाइन के जरिए पीएनजी की आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए बीएचयू में 30 किलोमीटर में डीआरएस स्थापित किया जा रहा है। वाराणसी शहरी गैस वितरण परियोजना के तहत डीरेका परिसर में पहले से काम कराया जा रहा है। अक्तूबर तक दोनों परिसरों में पीएनजी सप्लाई की शुरुआत कर दी जाएगी। इस मौके पर बीएचयू विधि प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रो. अली मेहंदी, संयुक्त कुलसचिव संजय कुमार, सहायक कुलसचिव वीएस विद्यार्थी के साथ गेल इंडिया के मुख्य प्रबंधक विपणन आनंद खापरे, अनुराग शर्मा आदि मौजूद रहे।