निलंबित एआरटीओ आरएस यादव से पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल हुई हैं। रविवार को सीओ सदर त्रिपुरारी पांडेय ने आरएस यादव के साथ गोधन के समीप एनएच दो, पूजा धर्मकांटा, चकिया तिराहा सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान ट्रक चालकों से छीनकर फेंके गए कुछ कागजात भी बरामद हुए। तीन बोगस कंपनियों में आरएस के नजदीकियों और रिश्तेदारों के लगभग पांच करोड़ के शेयर के कागजात भी बरामद हुए।
पुुलिस टीम आरएस यादव को 36 घंटे की रिमांड पर लेकर शनिवार की दोपहर लगभग बारह बजे चंदौली कोतवाली लेकर आई थी। पहले दिन सात से आठ घंटे तक चली पूछताछ बहुत कुछ हासिल नहीं हुआ। सूत्र बताते हैं कि शनिवार की शाम को जांच टीम उसे कहीं ले गई। इसके बाद रविवार की सुबह सीओ सदर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फिर पूछताछ शुरू की। कड़ाई से पूछताछ के बाद आरएस यादव ने राज उगलना शुुरू कर दिया। इस दौरान आरएस यादव के बताए तथ्यों के आधार पर सत्यापन करने के लिए टीम उसके ठिकानों पर ले गई। हाईवे पर एक स्थान से ट्रक चालकों से छीनकर फेंके गए गाड़ियों के कागजात बरामद हुए। हालांकि पूछताछ के दौरान आरएस यादव ने टीम को बरगलाने की कोशिश भी की। ज्यादातर प्रश्नों के जवाब न में दिए। इसके बाद शाम छह बजे तक उसे जिला जेल अधीक्षक के सुपुर्द कर दिया गया।